
भास्कर ब्यूरो
ठूठीबारी, महराजगंज। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने महराजगंज जिले के नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में रोहिन बैराज परियोजना का लोकार्पण करते हुए क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने 654 करोड़ रुपये की लागत से बनी 629 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये परियोजनाएं जिले के सर्वांगीण विकास को गति देने वाली हैं और जनसुविधाओं के विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगी।
सीेएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर क्षेत्र का समावेशी विकास करना है। उन्होंने बताया कि रोहिन बैराज के लोकार्पण से जिले के किसानों को सिंचाई की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। इसके साथ ही जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना न केवल कृषि क्षेत्र को समृद्ध बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के जल संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित करेगी।
सीएम योगी ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अधोसंरचना के विकास पर जोर दे रही है। इके तहत जल आपूर्ति, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्यों की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर भारत सरकार के वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, नौतनवा विधायक रिषी त्रिपाठी, और जिले के सभी विधायक भी उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा और अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज वर्मा समेत अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सीएम योगी के दौरे से महराजगंज के लोगों में उत्साह का माहौल था। क्षेत्रवासियों ने सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों के प्रति आभार जताया और आशा व्यक्त की कि आगामी समय में इन परियोजनाओं से उनका जीवन स्तर और बेहतर होगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को फिर से दोहराया और कहा कि प्रदेश सरकार हर जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।










