Maharajganj : विश्व पर्यटन दिवस पर विदेशी और भारतीय पर्यटकों का भव्य स्वागत

Maharajganj : सोनौली स्थित नेपाल–भारत बॉर्डर बेलहिया पर विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर एक विशेष स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने विदेशी और भारतीय पर्यटकों को अभिभूत कर दिया। शनिवार सुबह करीब 9 बजे नो-मैन्स लैंड पर आम दिनों की तुलना में एक अलग ही उत्सवी माहौल देखने को मिला। नेपाल के प्रवेश द्वार पर लगातार नेपाली राष्ट्रीय गीत बज रहे थे और दशहरा मनाकर लौट रहे नेपाली नागरिकों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी इस आयोजन में शामिल हुए।

पर्यटन व्यवसायी मन्जु गिरी के संबोधन के बाद लुंबिनी प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव बाबुराम अधिकारी और नाट्टा लुंबिनी के अध्यक्ष चन्द्र बहादुर थापा ने चार विदेशी पर्यटकों को खदा, माला और बुद्ध अंकित स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। इस सम्मान से पर्यटक भावविभोर हो उठे। ऑस्ट्रेलिया की बारबरा डोरा और नीदरलैंड के मार्सल कैयवर ने नेपाल के प्रति अपने स्नेह और उत्सुकता को साझा किया। इस अवसर पर दो भारतीय पर्यटक डॉ. संजय सिंह और विनोद मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि नेपाली लोगों का व्यवहार और सम्मान पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्पद है।

नाट्टा लुंबिनी द्वारा सम्मानित पर्यटकों के लिए एक दिन की स्थानीय यात्रा और एक रात के होटल ठहराव की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य नेपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना था। लुंबिनी प्रदेश के प्रमुख सचिव बाबुराम अधिकारी ने कहा कि पर्यटन नेपाल की आर्थिक समृद्धि का आधार है और सरकार इसे बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। नाट्टा अध्यक्ष चन्द्र बहादुर थापा ने पर्यटन व्यवसायियों और सरकारी निकायों के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। बौद्ध भिक्षु सुमंगलो और पर्यटन व्यवसायी सागर अधिकारी ने भी पर्यटन को नेपाल के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी बताया।

यह आयोजन नेपाल की मेहमाननवाज़ी और सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक बनकर विश्व पर्यटन दिवस को यादगार बना गया।

ये भी पढ़ें: Jhansi : एसडीएम और सीओ ने खाद वितरण केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों को दी नैनो डीएपी की जानकारी

लद्दाख हिंसा : राशन और जरूरी सामान की किल्लत के बीच प्रशासन ने राहत के कदम तेज किए

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें