श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास अस्वस्थ, 36 घंटे से भोजन न करने के बाद लखनऊ रेफर

Ayodhya : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और संत समाज के वरिष्ठ धर्माचार्य महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर चिकित्सकीय देखभाल के लिए अयोध्या से लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार समय रहते उपचार शुरू कर दिया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पिछले करीब 36 घंटे से महंत नृत्य गोपाल दास ने भोजन नहीं किया था। इस दौरान उन्हें लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत रही, जिससे शरीर में कमजोरी बढ़ती चली गई। स्वास्थ्य में गिरावट की सूचना मिलते ही श्रीराम अस्पताल के सेवानिवृत्त वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के. पाठक ने उनका परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने सावधानी बरतते हुए उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की सलाह दी।

इसके बाद महंत नृत्य गोपाल दास को लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास स्वयं उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हुए। मेदांता अस्पताल पहुंचते ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनकी विस्तृत जांच शुरू कर दी है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

चिकित्सकों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से किसी भी गंभीर स्थिति की संभावना कम है और उनकी सेहत में सुधार की उम्मीद है। अस्पताल प्रशासन की ओर से भी लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

महंत नृत्य गोपाल दास के अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही संत समाज, रामभक्तों और श्रद्धालुओं में चिंता की लहर दौड़ गई। देशभर के मंदिरों और आश्रमों में उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ प्रार्थनाएं की जा रही हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट प्रशासन भी लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहा है और स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।

श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि महंत नृत्य गोपाल दास जल्द ही स्वस्थ होकर पुनः धर्म और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें