
हलवारा (पंजाब) : लुधियाना के हड्डारोड़ी क्षेत्र के जांगपुर गांव में आठ वर्षीय बच्चे हैप्पी पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के शरीर और मुंह को गंभीर रूप से नोच लिया।
घायल हैप्पी को पहले सिविल अस्पताल मुल्लांपुर में भर्ती कराया गया और वहां से लुधियाना सिविल अस्पताल ले जाया गया। बाद में स्थिति गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
हैप्पी का परिवार बिहार का रहने वाला है। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण महंगे इलाज की व्यवस्था नहीं हो पाई। गांववासियों ने थोड़ी बहुत मदद की और हसनपुर स्थित मानवता दी सेवा समाजसेवी जत्थेबंदी ने परिवार के लिए मुफ्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराई। इसी एम्बुलेंस में हैप्पी को लेकर परिवार बिहार रवाना हो रहा है।
गौरतलब है कि इसी वर्ष जांगपुर गांव में इसी झुंड ने 9 वर्षीय बच्चे को भी काट दिया था, जिसका शव चिथड़ों में बरामद हुआ था। इसके अलावा, नजदीकी हसनपुर गांव में भी इसी झुंड ने तीन बच्चों पर हमला कर गंभीर चोटें पहुँचाई थीं। प्रशासन ने तब दबाव में कुछ कुत्तों को पकड़कर नसबंदी कराई थी, लेकिन समस्या जड़ से खत्म नहीं हुई। अब एक बार फिर आवारा कुत्तों ने 8 वर्षीय हैप्पी को बुरी तरह घायल कर दिया।















