
Banthra, Lucknow : नारायणपुर फतेहगंज मार्ग के अमांवा जंगल के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे पुलिया के पास एक अज्ञात अधेड़ महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास थी और वह लाल जैकेट पहने थी। महिला के बाएं पैर का पंजा जानवरों द्वारा नोच लिया गया था। शरीर पर किसी भी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए। महिला के पास रखा झोला जांचने पर उसमें खाना और शराब का एक क्वार्टर मिला।
थाना प्रभारी राजेश कुमार राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त मालूम होती है और ज्ञात हुआ कि संभवतः उक्त महिला भिक्षावृत्ति कर जीवन-यापन करती थी तथा इसके बैग से शराब के पाउच एवं बीडी, कपड़े आदि भी बरामद हुए हैं। वर्तमान में महिला के नाम-पते के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।
घटना स्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हुए और चर्चा रही कि रात में महिला की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका गया हो। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर निरीक्षण कराया गया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। अभी तक की जांच में प्रथम दृष्टया महिला की मृत्यु किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से होना प्रतीत हो रहा है।
महिला के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं तथा आसपास के क्षेत्रों में जानकारी साझा की जा रही है।











