राष्ट्र प्रेरणा स्थल में तीन ब्राह्मण नेताओं की मूर्ति, 65 फीट ऊंची कांसे की प्रतिमाओं की भव्यता से बढ़ी लखनऊ की शान

Rashtra Prerna Sthal in Lucknow : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल में भाजपा और जनसंघ के तीन महान नेताओं की विशाल प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इन कांसे की प्रतिमाओं के साथ ही इन महापुरुषों के जीवन पर आधारित संग्रहालय का भी उद्घाटन किया जाएगा।

यह कार्यक्रम लखनऊ के वसंत कुंज इलाके के 65 एकड़ क्षेत्र में स्थित इस विशेष पार्क में होगा, जहां 65 फीट ऊंची मूर्तियों को स्थापित किया गया है।

यह विशाल परियोजना करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है। मूर्तियों में भाजपा के प्रमुख संस्थापक अटल बिहारी वाजपेयी, दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कांसे की प्रतिमाएं शामिल हैं। इन मूर्तियों के साथ ही इन महापुरुषों के जीवन पर आधारित एक अत्याधुनिक संग्रहालय भी बनाया गया है, जो इन महापुरुषों की जीवनी, विचारधारा और उनके योगदान को दर्शाएगा।

संग्रहालय का आकार कमल के फूल की तरह है और यह लगभग 98,000 वर्ग फुट में फैला है। मूर्तिकार श्रीराम सुतार और मंटूराम ने इन मूर्तियों और संग्रहालय का निर्माण किया है। यहां पर लेजर प्रोजेक्टर के माध्यम से महापुरुषों की जीवनगाथा को दिखाया जाएगा। इसके अलावा, 1.7 किलोमीटर लंबा सिंथेटिक ट्रैक लोगों के टहलने और घूमने के लिए बनाया गया है।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल की अन्य विशेषताओं में मनोरंजन केंद्र, मेडिटेशन सेंटर, विश्राम केंद्र, योग केंद्र और कैफेटेरिया शामिल हैं। यहां दो लाख लोगों के बैठने की क्षमता वाली रैली के लिए विशाल मंच भी सजा है।

प्रेरणा गैलरी तीन मुख्य भागों में विभाजित है…

प्रेरणा गैलरी-1: यह गैलरी श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पूरी राजनीतिक यात्रा और जम्मू-कश्मीर को लेकर उनके भाषणों को दर्शाती है। इसमें टच टेबल, प्रोजेक्शन स्क्रीन, डिजिटल कियोस्क, एनिमेशन और इंटरैक्टिव प्रदर्शनी शामिल हैं।

प्रेरणा गैलरी-2: यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारधारा और दर्शन, विशेष रूप से एकात्म मानववाद को दिखाया गया है। इस गैलरी में विस्तृत इन्फोग्राफिक्स, एनीमेशन प्रजेंटेशन, टच टेबल और प्रोजेक्टर का प्रयोग किया गया है।

प्रेरणा गैलरी-3: यह गैलरी भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, भाषणों और उनके पुरस्कारों को समर्पित है। इसमें उनके कवि, पत्रकार और नेता के रूप में जीवन की पूरी यात्रा का वर्णन किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम के बाद, लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थकों के बीच एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का संदेश पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। इसके साथ ही, हाल ही में यूपी में नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में पार्टी दलित और पिछड़ों को भी साधने में जुटी है।

यह भी पढ़े : चलती कार में गैंगरेप! उदयपुर में IT कंपनी की मैनेजर के साथ दरिंदगी, CEO समेत 3 लोगों पर लगा आरोप

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें