Lucknow : रिटायर्ड होमगार्ड ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

  • फोरेंसिक टीम ने की सैंपलिंग, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

Lucknow : कृष्णा नगर क्षेत्र में रविवार सुबह एक वृद्ध रिटायर्ड होमगार्ड ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर खून के नमूने एकत्र किए और राइफल को जांच के लिए कब्जे में लिया। इसके बाद मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

कृष्णा नगर के कन्नौसी गांव में होमगार्ड मुख्यालय से रिटायर्ड 65 वर्षीय मदन गोपाल वर्मा अपनी पत्नी, दो बेटों और एक पुत्री के साथ रहते थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में घर के बगल स्थित एक हाते में पड़ा मिला। उनके कमर में मफलर से एक नाल बंदूक बंधी हुई थी।

परिजनों ने बताया कि जब बुजुर्ग काफी देर तक घर में नजर नहीं आए तो खोजबीन की गई, जिसके बाद उनका शव पड़ा हुआ मिला। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची कृष्णा नगर पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर खून के नमूने लिए और बंदूक को कस्टडी में लेकर जांच के लिए भेज दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतक के परिवार में पत्नी राजेश्वरी वर्मा, बड़ा बेटा अमित (जो पेशे से अधिवक्ता हैं और विवाहित हैं), छोटा बेटा आशीष कुमार वर्मा और एक पुत्री हैं, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। बड़े बेटे अमित के अनुसार, उनके पिता लंबे समय से बीमारी से ग्रसित थे और उनका इलाज चल रहा था। बीमारी से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली।

कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पी.के. सिंह ने बताया कि रिटायर्ड होमगार्ड ने लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या की है। बंदूक को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें