
Lucknow KGMU Case : राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला डॉक्टर ने अपने साथी डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने और अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपी डॉक्टर रमीज को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला डॉक्टर ने क्या आरोप लगाएं
दरअसल, KGMU की महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि आरोपी जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर रमीज ने उसे धोखे से अपने प्रेमजाल में फंसाया। उसने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। इसके साथ ही, आरोपी ने महिला की सहमति के बिना गर्भपात करवाया। महिला की मानें तो, रमीज ने धर्म परिवर्तन भी करवाया और उसका निकाह किया। साथ ही, आरोपी डॉक्टर के माता-पिता भी इस पूरे घोटाले में शामिल पाए गए हैं।
पीड़िता की शिकायत पर चौक पुलिस ने रमीज के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया। इनमें धोखे से शारीरिक संबंध बनाने, महिला की सहमति के बिना गर्भपात कराने, प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी, और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धाराएं शामिल हैं। इस मामले में, पुलिस ने आरोपी डॉक्टर रमीज पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
आरोपी रमीज कोर्ट में सरेंडर करने की योजना बना रहा था
छानबीन के दौरान, पुलिस ने एक अन्य महिला डॉक्टर से भी बयान लिए। आरोपी रमीज कोर्ट में सरेंडर करने की योजना बना रहा था, जिसके बारे में पुलिस को जानकारी मिली। शुक्रवार को, पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ठाकुरगंज स्थित अपने किराए के मकान में कुछ सामान निकालने आया है। वह कोर्ट में सरेंडर करने के इरादे से वकील से मिलने जा रहा है। इस सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने उसे सीता स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी रमीज को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। साथ ही, पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के माता-पिता, सलीमुद्दीन और खतीजा को 5 जनवरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।











