
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए स्वतंत्र देव सिंह का भी नाम
लखनऊ। उप्र की राजनीति में एक बार फिर चौंकाने वाले बदलाव हो सकते हैं। भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की जगह नए अध्यक्ष की तलाश काफी समय से हो रही है। प्रमुख रूप से केशव प्रसाद मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह का नाम चल रहा है।
मीडिया सूत्रों का दावा है कि केशव प्रसाद मौर्य जल्द ही डिप्टी सीएम की कुर्सी छोड़ सकते हैं। हाल ही में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी उसकी बाद से ही अटकलें शुरू हो गई थीं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
उप्र में 2017 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले केशव प्रसाद मौर्य को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। तब पार्टी ने अप्रत्याशित तौर पर सफलता पायी और रिकार्ड मतों से जीत पायी थी। केशव प्रसदा 08-अप्रैल-2016 से 31-अगस्त-2017 करीब सवा साल ही अध्यक्ष रहे। पहले कार्यकाल में वो डिप्टी सीएम बने तब प्रदेश अध्यक्ष तत्कालीन केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय बनाये गए। उसके बाद पिछड़े वर्ग से स्वतंत्र देव सिंह को अध्यक्ष बनाया गया। उनकी संगठन में अच्छी पकड़ थी और वो सीएम योगी आदित्यनाथ के भी बहुत करीब थे।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केशव मौर्य के नाम पर सहमति बना ली है। सूत्र बताते हैं कि उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से कहा है कि संगठन में जो भी जिम्मेदारी मिलती है उसे वो निभाएंगे। भाजपा में उच्च स्तर पर स्वतंत्र देव सिंह के नाम पर भी विचार किया गया है। कहा जा रहा है कि तीन दिनों के भीतर नए नाम की घोषणा हो सकती है।