
Lucknow : राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा पीपरसैंड व गहरू सीमा पर सरकारी भूमि पर दबंग रसूकदार भूमाफियों द्वारा कब्जा कर बेचने का कारोबार लंबे समय से किया जा रहा था। सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट पर भूमाफियाओं और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों ने सेंध लगाई थी।

दैनिक भास्कर द्वारा मामले के प्रकाशन के बाद जिम्मेदार गहरी नींद से जागे और मौके पर नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल टीम के साथ जांच करने पहुंचे। जांच टीम अधिकारी नायब तहसीलदार शालिनी तिवारी ने बताया कि ग्राम सभा पिपरसैंड की खसरा संख्या 2406, 2199, 2201, 2200, जो राजस्व अभिलेखों में पुलिस विभाग फॉरेंसिक साइंस लैब के नाम पर दर्ज है, और मौके पर प्लाटिंग की गई है।

अब उच्च अधिकारियों द्वारा एक टीम बनाकर, मौके पर पुलिस विभाग और नगर निगम की सहायता से, नायब तहसीलदार, नगर निगम लेखपाल और तहसील राजस्व निरीक्षक, सीमा पर गांव पीपरसैंड, मीरानपुर पिनवट और गहरू लेखपाल के साथ मौके की नाप सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम व पुलिस विभाग को पत्र द्वारा मामले से अवगत कराया जाएगा। उसके बाद अवैध कब्जेदारों पर कार्यवाही की जाएगी।











