
Lucknow : उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की तबीयत हाल ही में बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद थे।
सीएम योगी के साथ कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने मेदांता अस्पताल में भर्ती ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात की। इस दौरान सुभासपा अध्यक्ष के दोनों बेटों, अरुण राजभर और अरविंद राजभर, भी मौजूद थे। इससे पहले, पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा भी अस्पताल पहुंचकर राजभर का हालचाल जान चुके हैं। इसके साथ ही, कैबिनेट मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम और दारा सिंह चौहान भी अस्पताल में ओम प्रकाश राजभर का हालचाल लेने पहुंचे थे।
बता दें कि ओम प्रकाश राजभर को 21 सितंबर को माइनर ब्रेन स्ट्रोक की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका इलाज शुरू किया था। अगले दिन, उनकी स्थिति को देखते हुए, उन्हें मेदांता अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया।
मेदांता अस्पताल की तरफ से मंगलवार (23 सितंबर) को जारी हेल्थ बुलेटिन में कहा गया है कि उनकी स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि ओम प्रकाश राजभर का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टर अनूप कुमार ठक्कर और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉक्टर राकेश मिश्रा की देखरेख में किया जा रहा है। अभी उन्हें अस्पताल में बेहतर निगरानी और इलाज के लिए रखा गया है, और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। अस्पताल ने उन्हें बेहतर स्वास्थ्य लाभ के लिए निगरानी जारी रखने की सलाह दी है।










