
Lucknow : ब्राज़ील के साओ पाउलो राज्य के पिकेटे शहर के मेयर रोमिन्हो आज लखनऊ पहुंचे। अमौसी एयरपोर्ट पर लखनऊ की महापौर ने उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर ब्राज़ील से आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और वहां के पार्षद भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य स्मार्ट लखनऊ की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझना है। खास तौर पर नगर निगम द्वारा संचालित स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली और नई तकनीकों के उपयोग का अध्ययन करने के लिए यह दौरा किया गया है।
ब्राज़ील के प्रतिनिधिमंडल की लखनऊ नगर निगम से जुड़ी विभिन्न कंपनियों के साथ बैठकें और तकनीकी वार्ताएं प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान और भविष्य में संयुक्त परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत लखनऊ में कचरे को बायोफर्टिलाइज़र में बदलने की प्रक्रिया ने ब्राज़ील के प्रतिनिधिमंडल को खासा प्रभावित किया। प्रतिनिधियों ने लखनऊ मॉडल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया।
दौरे के दौरान दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने नगर निकायों की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं और प्रशासनिक अनुभवों को साझा किया। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत और ब्राज़ील के बीच नगर विकास और स्मार्ट सिटी के क्षेत्र में आपसी सहयोग को नई मजबूती देगा।











