LIVE : सूडान में 72 घंटे और बढ़ा संघर्ष विराम, विदेशी नागरिकों को निकालना होगा आसान

खार्तूम, (हि.स.)। सूडान में चल रहा भीषण संघर्ष तीन दिन और रुका रहेगा। सूडान में 72 घंटे संघर्ष विराम बढ़ाने पर सहमति बन गयी है। इससे विदेशी नागरिकों को निकालना आसान होगा।

सूडान पर कब्जे को लेकर सेना और अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेस के बीच लड़ाई छिड़ी हुई है। ईद के दिन पहली बार 72 घंटे का संघर्ष विराम लागू किया गया था, किन्तु उस पर अमल नहीं हो सका। इसके बाद तमाम कोशिशों के बाद 24 व 25 अप्रैल की रात से 72 घंटे का संघर्ष विराम शुरू हुआ। इस संघर्ष विराम के बाद भारतीय नागरिकों को सूडान से निकालने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कावेरी सहित सूडान में फंसे दुनिया भर के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकाले जाने का रास्ता तैयार हुआ।

अब एक बार फिर संघर्ष विराम को 72 घंटे और बढ़ाने पर सहमति हो गयी है। सूडानी सेना ने बयान जारी कर कहा कि संघर्ष विराम को और 72 घंटे के लिए बढ़ाया जा रहा है। सेना ने कहा कि सऊदी अरब और अमेरिका ने इसके लिए मध्यस्थता की है। वहीं, दूसरे पक्ष रैपिड सपोर्ट फोर्सेस ने कहा है कि वह भी संघर्ष विराम बढ़ाने को राजी हो गए हैं। अमेरिका, सऊदी अरब, नॉर्वे, ब्रिटेन और यूएई ने इसका प्रस्ताव दिया था।

सूडान में संघर्ष विराम बढ़ाने में अफ्रीकन यूनियन व संयुक्त राष्ट्र के साथ सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, अमेरिका जैसे देश प्रयासरत थे। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने भी बयान जारी कर सूडान में संघर्ष विराम बढ़ने की पुष्टि की है।

संघर्ष विराम बढ़ने से सूडान में फंसे भारतीयों सहित दुनिया भर के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालना आसान हो जाएगा। वहां फंसे भारतीयों को निकालने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कावेरी के लिए भी यह राहत की खबर है। सूडान से अभी तक भारतीयों के आठ जत्थे सुरक्षित निकाले जा चुके हैं और जल्द ही सभी भारतीयों को सूडान से सुरक्षित निकालने का काम पूरा हो जाएगा।

ऑपरेशन कावेरी: सूडान से सुरक्षित निकाल कर मुंबई लाए गए गुजरात के 56 लोग अहमदाबाद पहुंचे

-गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने सभी का किया स्वागत

अहमदाबाद । हिंसाग्रस्त सूडान से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चल रहे ऑपरेशन कावेरी के तहत स्वदेश लाए गए गुजरात के 56 लोगों के दल को मुंबई से शुक्रवार सुबह वॉल्वो बस से अहमदाबाद लाया गया। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने यहां सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर अहमदाबाद की कलक्टर प्रवीणा डीके समेत ऑपरेशन कावेरी के साथ जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच चल रहे संघर्ष के कारण वहां मौजूद विश्व के कई देशों के नागरिक मुश्किलों में फंस गए। ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेस्क्यू की योजना बनाई गयी। केन्द्रीय मंत्रियों और अधिकारियों की टीम बनाकर वायु सेना, सेना के साथ मिल कर सूडान में फंसे नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए ऑपरेशन कावेरी चलाया जा रहा है। इसके तहत गुजरात के 56 लोगों को जेद्दा से मुंबई विशेष इवेक्युएशन फ्लाइट-सी17 से भारत लाया गया। गुजरात के लोगों को राज्य के अधिकारियों ने मुंबई में रिसीव किया। इनमें से 12 लोगों ने लौटने के लिए अपनी व्यवस्था की थी, जिसके बाकी के 44 लोगों को मुंबई से अहमदाबाद वॉल्वो बस से लाया गया। संघवी ने बताया कि गुजरात आने के बाद सबसे पहले प्रवासियों को घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने उठाई है।

संघवी ने बताया कि मुंबई से प्रवासियों को अहमदाबाद लाने के बाद राजकोट जिले के 39, गांधीनगर जिले के 9, आणंद जिले के 3 और वडोदरा जिले के 5 लोगों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। राज्य सरकार ने सूडान में फंसे गुजरात के लोगों की सूची बनाकर विदेश मंत्रालय को दी है।

संघवी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में सूडान में फंसे गुजरातियों को वापस लाने के लिए गुजरात सरकार का एनआरआई विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, अहमदाबाद कलक्टर कार्यालय, पुलिस विभाग सभी आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें

आसमान छू रहा श्रीनगर से वापसी का टिकट, टूरिस्ट सर्विस प्रोवाइडर और हाटलों के लिए जारी हुई एडवाइजरी एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पहल को गति देने में जुटे पूर्व छात्र नेता, अभियान को जमीनी स्तर तक ले जाने की तैयारी कानपुर : शुभम द्विवेदी के अंतिम दर्शन को पहुंचे सीएम योगी पहलगाम नरसंहार का बदला, मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के 4 सहयोगी गिरफ्तार शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गया युवक संदूक में घुसा, फिर हुई पिटाई