
पश्चिम बंगाल। सिलीगुड़ी में तेंदुए के हमले में मंगलवार सुबह एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम अभिषेक प्रसाद है। युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत है।
वन विभाग द्वारा तेंदुए की तलाश के लिए इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटना शहर के शिवमंदिर इलाके के उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के बगल में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, सुबह तेंदुआ सबकी नज़रों से बचकर घर में घुस आया और बाथरूम में जाकर छिप गया। जब युवक बाथरूम में कदम रखा तो तेंदुआ ने हमला कर दिया। घर में चीख-पुकार मच गई। हमले के तुरंत बाद तेंदुआ घर से भाग गया।
मकान मालिक बिश्वनाथ दे ने बताया कि सुबह अचानक चीख सुनाई दी और ऊपर से देखा तो अभिषेक लहूलुहान हालत में पड़ा था। नीचे आकर देखा तो उसके चेहरे, सीने और हाथों पर खरोंच के निशान थे। उसने बताया कि उस पर तेंदुए ने हमला किया है। उसे नर्सिंग होम ले जाया गया है। अब घर से निकलने में भी डर लग रहा है।
इधर, खबर मिलते ही बागडोगरा वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय में लगे सीसीटीवी कमरे में तेंदुए को भागते हुए साफ-साफ देखा जा रहा है।
यह भी पढ़े : दिल्ली ब्लास्ट का लखनऊ कनेक्शन! ATS और JK पुलिस चप्पे-चप्पे पर कर रही छापेमारी














