
पंजाब के समराला इलाके में कबड्डी खिलाड़ी गुरविंदर सिंह की हत्या ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर ली है। गैंग के सदस्य ने धमकी दी है कि जो भी उनके दुश्मनों का साथ देगा, “उसकी छाती में अगली गोली मारी जाएगी।”
जानकारी के अनुसार, गांव मानकी निवासी गुरविंदर सिंह अपने साथियों धर्मपाल और एक अन्य युवक के साथ नगर कीर्तन के लिए सड़क की सफाई कर रहा था। इसी दौरान चार नकाबपोश बाइक सवार हमलावर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गुरविंदर के पेट में गोली लगी, जबकि धर्मपाल घायल हो गया। दोनों को समराला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। रास्ते में ही गुरविंदर की मौत हो गई।
हत्या के कुछ घंटे बाद, लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर वारदात की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा गया—
“यह मर्डर हमारे भाइयों करण मादपुर और तेजी चक ने किया है। जो हमारे दुश्मनों का साथ देंगे, उनकी छाती में अगली गोली जाएगी। हमारी नजर सब पर है।”
पुलिस ने इस मामले में संदीप सिंह, तेजी (चक सराय, खन्ना), करण (मादपुर) और सिम्मी (बालियां) को नामजद किया है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि वारदात की जड़ निजी रंजिश से जुड़ी प्रतीत होती है।
वहीं, मृतक के पिता राजिंदर सिंह ने कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने बताया कि गुरविंदर एक कबड्डी खिलाड़ी था और कबूतरबाजी का शौक रखता था। पिता ने एसपी के इस बयान पर आपत्ति जताई कि “गुरविंदर कबड्डी खिलाड़ी नहीं था।”
परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
इधर, समराला और आसपास के इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।














