
Gola Gokarnanath, Lakhimpur : शासन के निर्देश पर चल रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-05) के अंतर्गत शनिवार को गोला पब्लिक इंटर कॉलेज, उच्च प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मणजति ब्लॉक कुम्भी और सिविलिपन विद्यालय भुसौरिया की छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को थाना गोला परिसर का भ्रमण कराया गया और उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गोला युगांतर त्रिपाठी ने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता ही मिशन शक्ति का उद्देश्य है, और पुलिस-प्रशासन इसके लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह, निरीक्षक अपराध म.उ.नि. अपूर्वा शर्मा, महिला कांस्टेबल अंजली और अन्य अधिकारियों द्वारा छात्राओं को छेड़छाड़ से बचाव, साइबर क्राइम, नशीले पदार्थों से दूरी और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने की उपयोगी जानकारी दी गई।
साथ ही, 112 इमरजेंसी सेवा, 1090 महिला पॉवर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 102 जननी एक्सप्रेस, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1930 साइबर ठगी हेल्पलाइन, 101 फायर सर्विस आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसी कड़ी में छात्राओं को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराध निवारण के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें: Jhansi : एसडीएम और सीओ ने खाद वितरण केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों को दी नैनो डीएपी की जानकारी
लद्दाख हिंसा : राशन और जरूरी सामान की किल्लत के बीच प्रशासन ने राहत के कदम तेज किए












