
लखीमपुर खीरी। शिवभक्ति और आस्था का संगम एक बार फिर देखने को मिला गोला नगर के मृतुंजयनाथ मंदिर, मोहल्ला कुम्हारन टोला में, जहाँ से 45 श्रद्धालुओं का जत्था श्री अमरनाथ यात्रा के लिए उत्साह और श्रद्धा के साथ रवाना हुआ। यह यात्रा श्री शिव सेवक दिल्ली (रजि.) भंडारा – पोषपत्री (कश्मीर) शाखा – लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में आयोजित की गई है।
जत्था रवाना करने से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’, नगर पंचायत मैलानी की अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी और संत धर्मेन्द्र गिरी ‘मोंटी जी’ द्वारा विधिवत रूप से बस का पूजन किया गया। यात्रियों को अंगवस्त्र व यात्रा बैग भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं। मौके पर ‘हर हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोषों से वातावरण गूंज उठा।
जत्थे की अगुवाई शाखा प्रमुख अनिल जलोटा व नीरू जलोटा कर रहे हैं। उनके साथ दिनेश, योगेश शंखदार, विनय अवस्थी, पवन राठौर, अमित, रामकुमार, प्रदीप, नगमा, अभिषेक सक्सेना सहित कुल 45 श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा पर निकले हैं।
इस मौके पर नगर के अनेक गणमान्य व श्रद्धालुजन उपस्थित रहे, जिनमें प्रियंकल जलोटा, अंकुश महेश्वरी, सचिन गुप्ता, प्रियांशु शुक्ला, अंश अवस्थी, शत्रोहण मिश्रा, राजन साहनी, रविन्द्र कटियार, बद्री गुप्ता, मोहित गुप्ता आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सकुशल लौटने की कामना की।
जत्था जैसे ही बस में सवार हुआ, श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर शिवभक्ति के गीत गाए और पूरे नगर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो गया। नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर जत्थे को विदा किया।
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए निकला यह जत्था न केवल शिवभक्तों के लिए एक पुण्य अवसर है, बल्कि सामाजिक एकजुटता, आध्यात्मिक समर्पण और धार्मिक चेतना का सुंदर उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।