
लखीमपुर खीरी। थाना खीरी वन क्षेत्र के शारदानगर रेंज अंतर्गत महोला पुल के पास कई दिनों से दहशत फैला रहे तेंदुए को वन विभाग की टीम ने शनिवार देर रात पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए को पकड़ने की यह कार्रवाई रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सफल हुई।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ी सतर्कता
करीब एक हफ्ते पहले खीरी पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान महोला पुल पर तेंदुआ नजर आया था। पुलिस कर्मियों ने इस खतरनाक मंजर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। राहगीरों को भी रात में इस मार्ग से गुजरने में डर सताने लगा। लगातार तेंदुए के देखे जाने की सूचनाएं उच्चाधिकारियों तक पहुंचीं, जिसके बाद वन विभाग सक्रिय हुआ।

वन विभाग ने रची रणनीति
वन विभाग के क्षेत्रीय वन दरोगा सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम ने इलाके में गश्त बढ़ा दी। महोला पुल के पास तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए वहां पिंजरा लगाया गया। टीम कई दिनों से इलाके में निगरानी कर रही थी। आखिरकार शनिवार देर रात तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया।
ग्रामीणों का उत्साह, मौके पर जुटी भीड़
सुबह होते ही तेंदुए के पकड़े जाने की खबर गांव-गांव फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर उमड़ पड़े। लोग दूर से ही पिंजरे में कैद तेंदुए को देखने के लिए उत्सुक नजर आए। फॉरेस्ट विभाग की टीम ने सुरक्षा के बीच तेंदुए को पिंजरे सहित वाहन में लादकर सुरक्षित स्थान पर भेजा।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी बढ़ाई निगरानी
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में तेंदुए के साथ दो शावकों के भी होने की संभावना है। इस आशंका को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने इलाके की चौकसी और बढ़ा दी है। टीम लगातार गश्त कर रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
विभाग ने की अपील
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी जंगली जानवर के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। टीम का कहना है कि ग्रामीणों की मदद से ही ऐसे रेस्क्यू अभियान जल्दी सफल हो पाते हैं।
यह भी पढ़े : भारत-चीन संबंधों से नेपाल को आपत्ति! ‘लिपुलेख’ के रास्ते व्यापार को लेकर ओली ने जताई नाराजगी