लखीमपुर खीरी : केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं ने रखीं प्रमुख मांगें

  • जलालाबाद का नाम बदलकर परशुराम पुरी करने और मैगलगंज में स्ट्रीट लाइटों को जलवाने का दिया आश्वासन

लखीमपुर। शनिवार को चपरतला स्थित नेशनल हाईवे टोल टैक्स पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। जैसे ही केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का काफिला वहां पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। माहौल “भारतीय जनता पार्टी ज़िंदाबाद” और “जितिन प्रसाद अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

जलालाबाद का नाम बदलने की मांग

इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने जनपद शाहजहांपुर के कस्बा जलालाबाद का नाम बदलकर परशुराम पुरी करने की मांग दोहराई। उनका कहना था कि यह कस्बा ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए इसका नाम भगवान परशुराम के नाम पर किया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने बताया कि इससे क्षेत्र की पहचान और गौरव में वृद्धि होगी।

मैगलगंज में स्ट्रीट लाइटों की समस्या उठी

साथ ही कार्यकर्ताओं ने मैगलगंज कस्बे में लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें न जलने की समस्या केंद्रीय मंत्री के सामने रखी। लोगों ने कहा कि रात में अंधेरा रहने से आए दिन दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस पर मंत्री जितिन प्रसाद ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर जलवाया जाएगा।

मंत्री ने दिया भरोसा

जितिन प्रसाद ने कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनती और उनका समाधान करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ताकत से ही भाजपा इतनी मजबूत हुई है और विकास के हर वादे को पूरा करने के लिए सरकार तत्पर है।

बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता

इस स्वागत कार्यक्रम में राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, ज्ञानेंद्र शुक्ला, भानु प्रताप सिंह, अंकित त्रिवेदी, मनोज मिश्र, अम्रतेष अवस्थी, अमित राठौर समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने मंत्री को अंगवस्त्र पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

माहौल में जोश और उत्साह

पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिला। लोगों ने कहा कि केंद्रीय मंत्री का क्षेत्र में आगमन उनके लिए गौरव की बात है और उनके नेतृत्व में क्षेत्र का विकास और तेजी से होगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें