Lakhimpur Kheri : उपजिलाधिकारियों का हुआ तबादला, प्रतीक्षा त्रिपाठी बनीं एसडीएम गोला, युगांतर त्रिपाठी जाएंगे मितौली

Lakhimpur Kheri : जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने जनहित एवं प्रशासनिक कार्यहित में जिले के दो उपजिलाधिकारियों का स्थानांतरण किया है जो कि तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश के अनुसार, मितौली की उपजिलाधिकारी (न्यायिक) प्रतीक्षा त्रिपाठी को गोला में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात किया गया है, जबकि गोला के उपजिलाधिकारी युगांतर त्रिपाठी को मितौली (न्यायिक) पद का दायित्व सौंपा गया है।

युगांतर त्रिपाठी एक प्रशिक्षित पीसीएस अधिकारी हैं, जिन्होंने 2019 की यूपी पीसीएस परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। एसडीएम बनने से पहले वे जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे, लेकिन प्रशासनिक सेवा में आने के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी। गोला में तैनाती के दौरान उन्होंने सावन महीने के ऐतिहासिक मेले के सफल संचालन में उत्कृष्ट प्रशासनिक कौशल का परिचय दिया था। साथ ही उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, राहत सामग्री वितरण और अतिक्रमण नियंत्रण अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई।

वहीं, प्रतीक्षा त्रिपाठी ने जुलाई 2025 में मितौली तहसील में एसडीएम के रूप में कार्यभार संभाला था। वे 2022 की यूपी पीसीएस परीक्षा में 20वीं रैंक हासिल कर चयनित हुई थीं। इससे पहले वे वन विभाग में फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने बिना कोचिंग और नौकरी करते हुए परीक्षा पास की थी, जो उनकी मेहनत और लगन का उदाहरण है। मूल रूप से सीतापुर जिले की रहने वाली प्रतीक्षा सात भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उन्होंने कार्यभार ग्रहण करते समय न्यायिक कार्यों के निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण को अपनी प्राथमिकता बताया था। जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें