
Lakhimpur Kheri : मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत थाना मैलानी पुलिस ने सोमवार को ग्राम सुआबोझ कॉलोनी की महिलाओं के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कच्ची शराब बनाने और बेचने के अपराध में लिप्त महिलाओं को इस धंधे से दूर कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना था।
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं से संवाद करते हुए पुलिस टीम ने बताया कि शराब का धंधा न केवल अवैध है बल्कि इससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं। इस पर उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि अब वे शराब बनाने और बेचने का काम छोड़ देंगी। इसके स्थान पर वे सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों को अपनाकर आत्मनिर्भर जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
महिलाओं ने भरोसा जताया कि अब वे अपनी खेती-बाड़ी, सब्जी का व्यवसाय, सिलाई-कढ़ाई जैसे छोटे-छोटे कार्यों से परिवार का भरण-पोषण करेंगी। साथ ही सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090, 112, 181, 1098, 1076, 102, 108, 1930 आदि के बारे में जागरूक किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति या समस्या में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
थाना प्रभारी निरीक्षक, मैलानी, ने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इसी क्रम में समाज के कमजोर वर्ग और अपराध की ओर भटकी महिलाओं को जागरूक कर उन्हें सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करने का प्रयास किया जा रहा है।
गांव की महिलाओं ने भी इस पहल की सराहना की और पुलिस-प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।
ये भी पढ़ें: सरकार ने एससी मुर्मू को आरबीआई का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया
Kasganj : दीवार में नकब लगाकर चोर ले उड़े लाखों के जेवरात, पुलिस जांच में जुटी