Lakhimpur Kheri : एसडीएम की कार्रवाई के विरोध में कोल्हू यूनियन ने गन्ना खरीदने से किया इनकार

Lakhimpur Kheri : गोला तहसील क्षेत्र के जलालपुर में बुधवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कोल्हू यूनियन ने प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में अचानक गन्ना खरीदने से इनकार कर दिया। सुबह से अपनी ट्रॉलियों में गन्ना लेकर पहुंचे किसानों में नाराज़गी बढ़ती चली गई। किसानों ने कहा कि जब शुगर मिलें महीनों तक भुगतान नहीं करतीं और अधिकारी इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाते, तो किसान कोल्हू पर ही निर्भर रहता है। किसानों ने यह भी कहा कि यदि कोल्हू भी बंद हो जाएँगे, तो उनकी उपज बेचने का कोई रास्ता नहीं बचेगा।

स्थिति को तनावपूर्ण होते देख भारतीय किसान यूनियन (अ) के जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने किसान प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और प्रशासन से संपर्क साधकर समस्या के समाधान की मांग की। वार्ता सफल होने पर एसडीएम की ओर से कोल्हू संचालन की अनुमति दे दी गई, जिसके बाद हालात सामान्य हुए और किसानों ने राहत की सांस ली।

बताते चलें कि बीते दिन पहले एसडीएम गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी ने वायु प्रदूषण नियंत्रण अभियान के तहत जलालपुर और सिकंदराबाद क्षेत्रों में 100 कोल्हुओं की जांच की थी। जांच में कई कोल्हुओं में डीजल इंजन संचालन, अत्यंत कम ऊँचाई की चिमनियाँ, वेट स्क्रबर जैसी अनिवार्य प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था का अभाव, सफाई में लापरवाही और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। साथ ही कई इकाइयाँ बिना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सहमति के ही संचालित होती मिलीं। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने पाँच कोल्हुओं को तत्काल सील कर दिया था। इसी कार्रवाई का विरोध करते हुए कोल्हू यूनियन ने बुधवार को गन्ना खरीद बंद कर दी थी।

किसान नेता के हस्तक्षेप और प्रशासन के साथ सफल बातचीत के बाद अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है और कोल्हू दोबारा संचालन में आ गए हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें