
लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के सफल संचालन में लखीमपुर खीरी जिले ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। 05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2025 तक चले इस अभियान में जिले के स्वास्थ्य विभाग ने सतत निगरानी और जनजागरूकता के माध्यम से प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी सहयोगी विभागों स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, सूचना, उद्यान एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को संयुक्त रूप से अभियान को सफल बनाने हेतु निर्देशित किया गया। अभियान की निगरानी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के नेतृत्व में की गई। इसी प्रकार दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने घर-घर जाकर रोगियों की जानकारी एकत्र की, साथ ही वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया।










