
Lakhimpur Kheri : विश्व प्रसिद्ध दुधवा टाइगर रिजर्व में एक बार फिर सैलानियों के लिए जंगल के रोमांचक सफर की शुरुआत होने जा रही है। ईको टूरिज्म सत्र 2025-26 का शुभारंभ 1 नवंबर 2025 को प्रातः 8:30 बजे दुधवा पर्यटन परिसर में किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)।
विशिष्ट अतिथि के रूप में रोमी साहनी, विधायक पलिया-खीरी, कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों के संवर्धन और ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा होगी।
प्रकृति और पर्यटन का संगम
दुधवा टाइगर रिजर्व अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और दुर्लभ वन्यजीवों के लिए जाना जाता है। हर वर्ष यहां देश-विदेश से पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। नए सत्र के शुभारंभ के साथ जंगल सफारी, बर्ड वॉचिंग और अन्य ईको टूरिज्म गतिविधियों की शुरुआत होगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव (वन एवं पर्यावरण) अनिल कुमार, मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक सुनील चौधरी, और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन एवं वन्यजीव) अनुराधा शुक्ला की उपस्थिति रहेगी। उनके निर्देशन में दुधवा के ईको टूरिज्म को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाए जाने की रूपरेखा तय की जाएगी।
जंगल की गोद में होगा आयोजन
दुधवा पर्यटन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। यहां स्थानीय लोककला, पारंपरिक संस्कृति और वन्यजीव संरक्षण पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इस आयोजन में वन विभाग के अधिकारी, पर्यावरण प्रेमी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
आयोजन का उद्देश्य
कार्यक्रम का आयोजन दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जंगल और समाज के बीच समन्वय को मजबूत करना और ईको टूरिज्म को स्थानीय रोजगार का माध्यम बनाना है।










