
निघासन, लखीमपुर खीरी। जिले में निघासन तहसील के अंतर्गत लुधौरी क्षेत्र में घाघी नाले के बंधे के टूटने से आई बाढ़ की गंभीर स्थिति के मद्देनजर बुधवार को जिलाधिकारी महोदय ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण में उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी निघासन, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित गांवों का भ्रमण कर बाढ़ से हुई क्षति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत सामग्री, शुद्ध पेयजल, खाद्य पैकेट, दवाइयाँ और अस्थायी निवास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने किया ग्रामीणों से सीधा संवाद
जिलाधिकारी ने मौके पर ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा और इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग और संबंधित तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंधे की मरम्मत कार्य को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी आपदा की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने बाढ़ के संभावित खतरों से निपटने के लिए एक स्थायी कार्य योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के प्रदेश संयोजक राजा राजेश्वर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि भाजपा कार्यकर्ता और सरकार दोनों उनकी हर जरूरत में साथ हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राहत कार्यों में पूरी निष्ठा और तत्परता दिखाई जा रही है।
प्रशासन की तत्परता से बढ़ा ग्रामीणों का विश्वास
जिलाधिकारी की सक्रियता और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से प्रभावित ग्रामीणों में भरोसा जगा है। प्रशासन की ओर से राहत शिविरों की स्थापना, चिकित्सा दलों की तैनाती, पशुधन की देखभाल व स्वच्छता अभियान जैसी पहलें तुरंत शुरू कर दी गई हैं।