
Lakhimpur Kheri : नगर पालिका सभागार में शनिवार को संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) की जिला व नगर कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी एवं वरिष्ठ संगठन महामंत्री राजू अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद अग्रवाल, प्रदेश मंत्री प्रमोद अग्रवाल और प्रदेश संगठन मंत्री प्रमोद कुमार गुप्ता (गोला) मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कपिल श्रीवास्तव को जिला अध्यक्ष, कमल मेहरोत्रा को जिला महामंत्री, बादल साहनी को जिला कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी बजरंग शर्मा को दी गई। नगर महामंत्री सजल वैश्य (राबिन), महामंत्री कनिष्क बरनवाल और नगर कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल घोषित किए गए।
प्रदेश प्रभारी राजू अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी समाज अब केवल कराहता नहीं रहेगा, बल्कि अपनी ताकत दिखाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी अर्थव्यवस्था का सृजन करता है, इसलिए राजनीति में उसकी भागीदारी आवश्यक है। सरकार को व्यापारियों की आवाज सुननी ही पड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारी समाज धार्मिक आयोजनों से लेकर आपदा के समय तक हर परिस्थिति में बढ़-चढ़कर मदद करता है और हर वर्ग के साथ खड़ा रहता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी तभी पहचाना जाएगा जब वह संगठित होगा। प्रदेश मंत्री प्रमोद अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि संगठन हर हाल में व्यापारी वर्ग को उत्पीड़न से बचाएगा और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएगा। प्रदेश संगठन मंत्री प्रमोद गुप्ता ने कहा कि गांव-गांव और नगर-नगर जाकर व्यापारी वर्ग को जोड़ा जाएगा और जल्द ही जिले में बड़े स्तर पर संगठन का विस्तार किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष कपिल श्रीवास्तव ने कहा कि वे व्यापारी समाज की रक्षा के लिए दिन-रात तत्पर रहेंगे। नगर अध्यक्ष बजरंग शर्मा ने कहा कि व्यापारी वर्ग राष्ट्र का निर्माता है और उसके बिना सब कुछ अधूरा है। उन्होंने घोषणा की कि नगर में जल्द ही सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
शनिवार को लखीमपुर खीरी का नगर पालिका सभागार व्यापारी समाज की एकता का गवाह बना। नई कार्यकारिणी के गठन ने यह संदेश साफ कर दिया कि अब व्यापारी वर्ग अपने हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए पहले से कहीं अधिक संगठित होगा।