
लखीमपुर खीरी : भारतीय सेना के अदम्य साहस और बलिदान को सलाम करते हुए भाजपा खमरिया पंडित मंडल द्वारा मंगलवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष इंद्र कुमार शुक्ला के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और देशभक्ति के नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।
सुबह से ही कस्बे के मुख्य मार्गों पर तिरंगे झंडों की बहार नजर आई। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने स्वागत द्वार बनाए और पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन किया। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “जय हिंद” के नारे गूंजते ही माहौल जोश और गर्व से भर उठा।
यात्रा का शुभारंभ मंडल अध्यक्ष इंद्र कुमार शुक्ला के बसढिया स्थित आवास से हुआ। सबसे आगे बड़ी संख्या में बाइक सवार युवा, हाथों में तिरंगा थामे, देशभक्ति गीतों की धुन पर आगे बढ़ रहे थे। उनके पीछे महिला मोर्चा, वरिष्ठ नागरिक, शक्ति केंद्र संयोजक, भाजपा के पदाधिकारी और आमजन बड़ी संख्या में पैदल यात्रा कर रहे थे। तिरंगे की लहराती कतारें कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई गोविंद शुगर मिल परिसर तक पहुंचीं, जहां यात्रा का समापन हुआ।
इस मौके पर धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना को जीवित रखने का प्रयास है। उन्होंने भारतीय सेना को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष इंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य सेना के अदम्य साहस, अनुशासन और त्याग को नमन करना है। उन्होंने कहा कि सेना ने हर परिस्थिति में देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, इसलिए हर भारतीय को उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता रखनी चाहिए।
यात्रा के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के गीतों से माहौल को ऊर्जा से भर दिया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी तिरंगा हाथ में लिए गर्व और उत्साह से लबरेज दिखाई दिए।
कार्यक्रम का समापन गोविंद शुगर मिल परिसर में राष्ट्रगान के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ ली। इस दौरान आसमान में तिरंगा झंडा लहराते हुए, पूरे परिसर में “जय हिंद” के नारे गूंजते रहे।
ये भी पढ़ें: सीतापुर : संदना गौशाला में गौवंश की दयनीय स्थिति, प्रशासन ने शुरू की जांच
गाजियाबाद : एसीपी प्रियाश्री पाल की सख्ती पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल