Kushinagar : आस्था के सैलाब के स्वागत को तैयार हुआ रामजानकी घाट

  • छोटी गंडक नदी घाट पर बनाई गई नई सीढ़ियां

Kaptanganj, Kushinagar : सूर्योपासना, पवित्रता और आस्था के महापर्व छठ पूजा के लिए कप्तानगंज की छोटी गंडक नदी के रामजानकी घाट पर श्रद्धालुओं के स्वागत की पूरी तैयारी कर ली गई है। इस घाट को मनोरम, आकर्षक और सुविधाजनक बनाने का कार्य नगर पंचायत कप्तानगंज के कई वर्षों के प्रयास का परिणाम है। यहां पार्क, स्वच्छ पेयजल सहित गंडक नदी का कलकल प्रवाह प्रतिदिन लोगों को आकर्षित कर रहा है।

बताते चलें कि स्थानीय कस्बे की छोटी गंडक नदी के रामजानकी घाट पर कुछ दशक पूर्व तक छठ पर्व और नहान पर्व पर मुश्किल से हजार श्रद्धालु भी नहीं दिखाई देते थे। लेकिन हाल के कुछ वर्षों में छठ पूजा की ऐसी धूम देखने को मिल रही है कि यहां आस्था का सैलाब उमड़ पड़ता है, जिससे चौक-चौराहे से लेकर घाट तक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

रामजानकी घाट पर वर्षों पुराना राम मंदिर दरबार सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां और मंदिर हैं। समीप ही नगर पंचायत की ओर से मनोरम पार्क का निर्माण कराया गया है। भगवान शिव की बड़ी प्रतिमा गंडक नदी के किनारे स्थापित की गई है। स्वच्छ पेयजल और शौचालय की सुविधा भी यहां उपलब्ध कराई गई है। सटे पार्क में रोजाना सैकड़ों लोग प्रातः व्यायाम के लिए आते हैं। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से पंडाल में छठ माता समेत अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं, जो अत्यंत दर्शनीय होती हैं। नगर पंचायत और स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी पंडाल लगाए जाते हैं।

इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय कुमार खेतान ने बताया कि घाटों पर लाल पत्थरों से सीढ़ियों का भव्य निर्माण कराया गया है। साथ ही आकर्षक विद्युत पोल और लाइटें लगाई गई हैं। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने का पूरा प्रयास किया गया है।

उपजिलाधिकारी कप्तानगंज विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि कई बार भ्रमण कर घाट की सुविधाओं का निरीक्षण किया गया है। मेले और भीड़ को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें