
खटीमा। आपातकाल के दौरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बुजुर्ग समाजसेवी को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सम्मानित किया। मंगलवार को भाजपा झनकट मंडल ने नगर के पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले बुजुर्ग व समाजसेवी सैय्यद तिरमेजी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विमला मुडेला ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने देश में आपातकाल लागू कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी व विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं पर भीषण अत्याचार कर उन्हें गिरफ्तार कर जेलों में बंद कर दिया गया था।
कांग्रेस सरकार की दमनकारी नीतियों का विरोध करने वालों को कई माह जेल में बंद रखा गया। कांग्रेस द्वारा देश में आपातकाल लागू किए जाने के पचास साल होने के बाद भी उनके अत्याचार को लोग याद कर सहम जाते हैं। आपातकाल के दौरान गिरफ्तार किए गए समाजसेवी तिरमेजी ने अपने अनुभवों को साझा किया। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री भुवन जोशी, किशोर जोशी, अनीता ज्याला, सावित्री कन्याल आदि मौजूद थे।















