
Lucknow : केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) को राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा दिए जाने की मांग की। चौधरी ने केजीएमयू के अटल बिहारी बाजपेई कन्वेंशन सेन्टर में शनिवार को आयोजित विवि के 21वें दीक्षांत समारोह में उपस्थित केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के समक्ष यह मांग उठाई।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केजीएमयू लाखों मरीजों के लिए आशा का केन्द्र रहा है। यहां के चिकित्सकों ने असंभव को संभव कर दिखाया है। यहां से डिग्री लेकर निकलने वाले चिकित्सक केजीएमयू की ख्याति को आगे ले जायेंगे। उन्होंने डिग्रीधारी चिकित्सकों से कहा कि देशवासियों की अपेक्षाएं आप से जुड़ी हैं। अपनी शिक्षा एवं ज्ञान का उपयोग समाज के लिए करें और भावी पीढ़ी के लिए आदर्श बनें। पंकज चौधरी ने कहा कि दीक्षांत समारोह मात्र एक कार्यक्रम नहीं अपितु एक संस्कार होता है। आज से आप एक सक्षम व्यक्ति के तौर पर समाज में लौट रहे हैं। आज से समाज निर्माण में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि केजीएमयू उत्तर प्रदेश का प्रमुख चिकित्सा विश्वविद्यालय है। केजीएमयू का गौरवशाली इतिहास है। अनेक वर्षों से आमजनमानस की आशा का केन्द्र है। यहां पर इलाज के लिए पूरे प्रदेश से गरीब व असहाय मरीज आते हैं। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का प्रतीक है और यहां से दीक्षित होकर निकलने वाले युवा चिकित्सक भविष्य में राष्ट्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और ऊंचाइयां प्रदान करेंगे।
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की। समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (चिकित्सा शिक्षा) मयंकेश्वर शरण सिंह, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, डॉ. सूर्यकांत, डॉ. आर.ए.एस. कुशवाहा, डॉ. शीतल वर्मा, प्रो. वेद प्रकाश समेत अन्य लोग उपस्थित थे।










