
प्रेस वार्ता में राज्यमंत्री ने मोदी-योगी सरकारों की बताई उपलब्धियां
क्षेत्र में संपर्क अभियान चलाकर लोगों को बांटे उपलब्धि पत्रक
भास्कर न्यूज, बांदा। केंद्र सरकार के 11 और प्रदेश सरकार के सेवा, सुशासन, सुरक्षा और संस्कृति के आठ वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में ब्लाक सभागार में आयोजित मीडिया वार्ता के दौरान जल शक्ति राज्यमंत्री ने मोदी-योगी सरकारों की उपलब्धियां बताईं। कहा कि 45 हजार करोड़ रुपए की लागत से केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेली किसानों का भाग्य बदलेगी। हर खेत को पानी का सपना साकार होगा। बंद पड़ी नहरों का जीर्णोद्धार करते हुए चलायमान किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा कर आवागमन की सुविधा बढ़ाने का काम हो रहा है।
ब्लाक सभागार में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय विधायक व जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को प्रेस वार्ता के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकारों की उपलब्धियों एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और 25 करोड़ प्रदेशवासियों के प्रयास से उत्तर प्रदेश, भारत के ‘श्रम शक्ति पुंज से अर्थ शक्ति पुंज’ बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश वही है, लेकिन बीते 8 वर्षों में पूरी तरह से प्रदेश बदल चुका है। जीडीपी में उछाल और कानून व्यवस्था के राज का जिक्र करते हुए कहा कि हर क्षेत्र में यूपी आगे बढ़ा है। उन्होंने 2017 से पहले प्रदेश में कानून व्यवस्था की बदहाली के बारे में बताते हुए कहा कि बेटी से लेकर व्यापारी तक पीड़ित रहते थे।
दंगे और हिंसा होती थी। अपराधियों का बोलबाला था। पहले यहां पहचान का संकट था। आज किसान खुशहाल है और आमदनी बढ़ी है। राज्यमंत्री ने प्रदेश के कृषि क्षेत्र में हुए बदलावों पर विस्तार से चर्चा की।राज्यमंत्री निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 2.61 करोड़ से अधिक किसानों को 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि डीबीटी के जरिए दी गई। प्रेस वार्ता के बाद प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने पर घर-घर संपर्क अभियान का शुभारंभ करते हुए कस्बे में उपलब्धियों का पत्रक बांटकर जलशक्ति राज्यमंत्री समेत जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, अजय प्रताप सिंह, उत्तम सक्सेना, आनंद स्वरूप द्विवेदी, अनूप तिवारी, साहिब सिंह, धर्मेन्द्र गुप्ता आदि उपस्थित रहे।