
- विधवा पत्नी ने रजिस्ट्रार व बैनामा लेखक पर लगाए गंभीर आरोप
- दो साल से संपत्ति के लिए संघर्ष कर रही हूं – रीना पल्तानी
Kasganj : शहर के पल्तानी परिवार में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक नया मोड़ सामने आया है। अमित पल्तानी की पत्नी रीना पल्तानी ने आरोप लगाया है कि उनके पति को घर से ले जाकर महज 12 मिनट में करोड़ों रुपये की संपत्ति का फर्जी बैनामा साजिश के तहत उनके जेठ संजय पल्तानी ने तहसील कासगंज में रजिस्ट्रार और बैनामा लेखक की मिलीभगत से करा लिया।
रीना पल्तानी का कहना है कि इस पूरे षड्यंत्र में तहसील कासगंज के रजिस्ट्रार और बैनामा लेखक शामिल रहे। उन्होंने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से की, लेकिन दो साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला। हालांकि इस संबंध में सदर कोतवाली कासगंज में जेठ संजय पल्तानी सहित अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
शहर के नदरई गेट निवासी अमित पल्तानी की पत्नी रीना पल्तानी ने प्रेस वार्ता में बताया कि उनके पति गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। इसी दौरान उनके जेठ संजय पल्तानी ने दवा दिलाने के बहाने उन्हें घर से ले जाकर तहसील कासगंज में उनकी पूरी संपत्ति का बैनामा अपने नाम करा लिया। आरोप है कि इस संपत्ति की कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये है और यह बैनामा महज 12 मिनट में करा दिया गया।
रीना पल्तानी का यह भी आरोप है कि बैनामा कराने के बाद अमित को शराब पिलाई गई, जबकि शराब की एक बूंद भी उनके पति के लिए जहर समान थी। इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। रीना पल्तानी ने मुख्यमंत्री दरबार में प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले से अवगत कराया, जिसकी जांच तहसील कासगंज और प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रीना का कहना है कि उनके जेठ संजय पल्तानी प्रभावशाली व्यक्ति हैं और पैसों के दम पर जांच को दबा देते हैं।
12 मिनट में कैसे हुआ करोड़ों की संपत्ति का बैनामा?
पूरे कासगंज शहर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि महज 12 मिनट में अमित पल्तानी की करोड़ों की संपत्ति उनके बड़े भाई संजय पल्तानी के नाम कैसे बैनामा हो गई, जबकि आम व्यक्ति को तहसील में बैनामा कराने में कई घंटे लग जाते हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि पूरी प्रक्रिया पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी।
आर्यन पल्तानी ने प्रेस वार्ता में लगाए गंभीर आरोप
स्वर्गीय अमित पल्तानी के पुत्र आर्यन पल्तानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि उनके पिता की मौत के जिम्मेदार उनके ताऊ संजय पल्तानी हैं। आर्यन ने कहा कि संजय पल्तानी उनके पिता को डॉक्टर को दिखाने के बहाने घर से ले गए, लेकिन सीधे तहसील कासगंज ले जाकर करोड़ों की संपत्ति अपने नाम करा ली और बाद में शराब पिलाई, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
संजय पल्तानी ने लगाए गए आरोपों को बताया बेबुनियाद
इस संबंध में जब संजय पल्तानी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मामला जनपद न्यायालय में विचाराधीन है और यह पारिवारिक संपत्ति विवाद है। उन्होंने कहा कि उनके भाई ने स्वेच्छा से संपत्ति उनके नाम लिखी थी। संजय पल्तानी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे की पुलिस जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई होगी।











