Kasganj : भाजपा कार्यालय घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

Kasganj : कांग्रेस पार्टी हाईकमान के निर्देश पर आज केंद्र सरकार के खिलाफ भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को कोतवाली पुलिस ने सोरों गेट पर रोक दिया, जिससे नाराज होकर कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता चौराहे पर ही धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार से बातचीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वापस चले गए।

बता दें कि नेशनल हेराल्ड मामले में न्यायालय द्वारा साक्ष्य के अभाव में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को क्लीन चिट दिए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी हाईकमान ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया था। इसी क्रम में आज कांग्रेस पार्टी के कासगंज जिलाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से भाजपा कार्यालय के लिए निकले, लेकिन कासगंज कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सोरों गेट स्थित अंबेडकर चौराहे पर रोक लिया।

इससे नाराज होकर कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता चौराहे पर ही धरने पर बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। बाद में तहसीलदार कासगंज मौके पर पहुंचे और कांग्रेस पार्टी के कासगंज जिलाध्यक्ष से बातचीत की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वापस चले गए।

इस दौरान कांग्रेस पार्टी के कासगंज जिलाध्यक्ष मनोज पांडे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार कांग्रेस को लगातार परेशान कर रही है। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कथित रूप से परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को खारिज कर दिया है। कांग्रेस नेताओं की छवि धूमिल करने के प्रयासों के विरोध में यह घेराव किया जा रहा था, लेकिन पुलिस बल के माध्यम से उन्हें रोक दिया गया, जो लोकतंत्र के लिए घातक है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें