
Kasganj : कासगंज जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव रेखपुर में छत पर खेल रहे 6 वर्षीय मासूम विहान पुत्र अमित हादसे का शिकार हो गया। परिजनों के अनुसार, विहान आज सुबह अपने घर की छत पर खेल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मासूम को परिजनों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत के बाद उसके परिजन विहान का शव लेकर घर चले गए। इस हादसे ने पूरे घर में मातम का माहौल पैदा कर दिया। मृतक के पिता अमित ने बताया कि विहान उनका इकलौता पुत्र था, जो उनके घर का चिराग था, और अब यह चिराग बुझ गया है।
स्थानीय लोगों और परिवार ने इस दुखद हादसे पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में गम और कोहराम का माहौल व्याप्त हो गया।












