
कासगंज : जिला जेल में हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद आजमगढ़ का शातिर अपराधी ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह की सोमवार को तबीयत खराब हो गई। जिसे जेल से पुलिस कड़ी सुरक्षा में इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची।
जहां जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर वीर बहादुर ने कुंटू सिंह का चेकअप कर उसे दवाएं दीं। कुंटू सिंह ने डॉक्टरों से कान में दर्द की शिकायत की थी। लगभग 15 मिनट तक वह जिला अस्पताल में रहा, इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस वैन से वापस जिला जेल कासगंज भेज दिया गया।
आपको बता दें, फरवरी 2021 में कुंटू सिंह को आजमगढ़ जेल से कासगंज जेल में शिफ्ट किया गया था, जहां उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। बताया जाता है कि मुख्तार अंसारी और कुंटू सिंह की गैंग के बीच कई बार भिड़ंत हो चुकी है। इस समय मुख्तार अंसारी का छोटा पुत्र उमर अंसारी भी कासगंज जेल में बंद है। इससे पहले उमर अंसारी का बड़ा भाई अब्बास अंसारी भी कासगंज जेल में बंद रहा था।

अपराधी कुंटू सिंह कई चर्चित मामलों में शामिल रहा है। लखनऊ के चर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में कुंटू सिंह को मास्टरमाइंड माना जाता है। इसके अलावा वर्ष 2013 में बसपा के पूर्व विधायक सर्वेश उर्फ सीपू सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या मामले में भी वह आरोपी है। ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह को बाहुबली धनंजय सिंह का शूटर भी बताया जाता है। अजीत सिंह हत्याकांड के बाद उसे गिरफ्तार कर कासगंज जेल लाया गया था। धनंजय सिंह और ब्रजेश सिंह की नजदीकियां जगजाहिर हैं, जबकि ब्रजेश सिंह और मुख्तार अंसारी के बीच पहले से कट्टर दुश्मनी है।
ये भी पढ़ें: कासगंज : 22 घंटे की लगातार बारिश में भरभराकर गिरा जर्जर मकान, मलबे में दबने से गृहस्वामी की मौत
बहराइच : खाद माफियाओं पर कस्टम की सर्जिकल स्ट्राइक, बोलेरो पिकअप सीज