
- प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री ओपी राजभर का फूंका पुतला।
Kasganj : लखनऊ में निजी विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मामला पूरे प्रदेश के साथ कासगंज जनपद में भी गूंज उठा है। घटना से आक्रोशित ABVP कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और ओपी राजभर का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया, इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को दिया है।
बतादें कि बीते दिनों पूर्व बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में छात्र लॉ कोर्स की मान्यता को लेकर विरोध कर रहे थे। छात्रों का आरोप था कि यूनिवर्सिटी बिना बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) की मान्यता के लॉ कोर्स चला रही है, जिससे उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें एबीवीपी के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। जिससे एबीवीपी के छात्रों में रोष व्याप्त हो गया, वहीं मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया, जिससे एबीवीपी कार्यकर्ताओं का गुस्सा और भड़क गया।
उसके बाद से ही एबीवीपी कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर रहे हैं, इसी के चलते गुरुवार को कासगंज के एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शहर के नदरई गेट से लेकर सोरों गेट तक जुलूस निकाला व सोरों गेट पर ओपी राजभर का पुतला दहन किया, इस दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को दिया, विद्यार्थी परिषद के पूर्व सह संगठन मंत्री विकास यादव ने कहा कि शैक्षिक भ्रष्टाचार और पुलिसिया दमन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं ABVP कार्यकर्ता तेजेन्द्र लोधी ने कहा कि लखनऊ के श्री रामस्वरूप विश्वविद्यालय देवा रोड लखनऊ में हुए छात्रों के साथ बर्बरता पूर्वक अत्याचार निन्दनीय है। बगैर मान्यता के छात्रों को चार वर्षों से परेशान किया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पुलिस के दम पर जो यह बर्ताव किया गया है वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।