
लंदन। बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और जाने-माने व्यापारी संजय कपूर का गुरुवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 53 वर्षीय संजय कपूर उस समय पोलो खेल रहे थे जब उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। यह दुखद घटना यूके में घटी, जहां वे इन दिनों रह रहे थे।
संजय कपूर ने कुछ समय पहले ही अहमदाबाद (गुजरात) में हुए विमान हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर संवेदनाएं जताई थीं। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की दुखद खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे।”
संजय कपूर ने साल 2003 में बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर से विवाह किया था। यह रिश्ता लगभग 13 साल चला और वर्ष 2016 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। तलाक के बाद संजय ने मॉडल और उद्यमी प्रिया सचदेव से दूसरी शादी की। संजय कपूर और प्रिया सचदेव के एक सात वर्षीय बेटे अजारियस हैं, जिनका जन्म 2018 में हुआ था।
संजय कपूर के असामयिक निधन की खबर से बॉलीवुड और बिजनेस जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।