
कानपुर। अप्रैल में तापमान में उतार चढ़ाव हर किसी को परेशान कर रहा है। सोमवार को शहर का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू के थपेड़ों से निजात न मिलने की बात कही है। गर्मी का हाल ऐसा है कि सुबह से ही तेज धूप में सड़कोें पर धूभर है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं झुलसा रही हैं। इंसान हो या जानवर, अप्रैल की इस रिकॉर्डतोड़ गर्मी से सभी को बेहाल कर रखा है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सोमवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।
न्यूनतम तापमान भी 20.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दो दिन तक लू के थपेड़े ऐसे ही चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान से सटे इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। विदर्भ से तेलंगाना होते हुए आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण अरब सागर के मध्य भाग पर बना हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तट के पास दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य भागों पर बना हुआ है। ऐसे में दो दिन बाद गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।










