
बिल्हौर (कानपुर)। क्षेत्र के गदनपुर आहार गांव स्थित निर्माणाधीन महर्षि महेश योगी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार देर रात एक सिक्योरिटी गार्ड की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अलाव में लकड़ी डालने को लेकर हुए विवाद के बाद साथी सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उसे गोली मार दी।
घटना के बाद आरोपी गार्ड आसपास मौजूद कर्मियों को भी गोली मारने की धमकी देते हुए जंगल की ओर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल गार्ड को सीएचसी लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान औरंगपुर सांभी गांव निवासी 45 वर्षीय निर्मल सिंह चंदेल उर्फ नीरज के रूप में हुई है। वह खेती के साथ विश्वविद्यालय में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। परिवार में कैंसर से पीड़ित पत्नी पुष्पा सिंह और 12 वर्षीय बेटी तनिष्का है। परिजनों के अनुसार देर रात लगभग ढाई बजे अलाव के पास बैठने के दौरान साथी सुरक्षा कर्मी अनिरुद्ध द्विवेदी ने लकड़ियां डालने को लेकर विवाद कर गोली चला दी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी गार्ड शराब के नशे में अक्सर विवाद करता था और शुक्रवार को दिन में भी उसका झगड़ा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि आरोपी अनिरुद्ध द्विवेदी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
मृतक का छोटा भाई रोहित भी इसी परिसर में सिक्योरिटी गार्ड है। उसने बताया कि निर्मल रात की ड्यूटी करता था और ड्यूटी के बाद कैंसरग्रस्त पत्नी की देखभाल करता था। घटना के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है।
ये भी पढे़ – 2 अरब साल पुरानी अरावली पर संकट, दिल्ली-हरियाणा-राजस्थान में उठी संरक्षण की मांग










