
कानपुर। जिले में सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर मंगलवार की भोर में बिल्हौर क्षेत्र में एक बड़ा अभियान चलाया गया। कड़ाके की ठंड और गिरते तापमान के बावजूद प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने तड़के से ही क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर मोर्चा संभाल लिया और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ अभियान में तेजी लायी गई। अभियान में ओवरलोडिंग और आवश्यक कागजातों की कमी वाले वाहनों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। अभियान में एसडीएम बिल्हौर, एआरटीओ प्रवर्तन कहकशां खातून, एसीपी बिल्हौर के साथ बिल्हौर और ककवन थानों की पुलिस बल शामिल रही। जांच के दौरान 14 ओवरलोडेड वाहनों को मौके पर सीज किया गया, जबकि 52 वाहनों के चालान विभिन्न अनियमितताओं पर किए गए। ओवरलोड, अल्टरेशन, टायरों की कम गहराई, प्रेशर हॉर्न से शोर प्रदूषण, फिटनेस फेल, बीमा फेल और टैक्स फेल जैसी गंभीर कमियां सामने आईं। कुल रू 8,78,500 का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने कहा कि भारी वाहनों की निगरानी और दस्तावेज़ सत्यापन अब और कड़े रूप में होंगे। वहीं एसडीएम बिल्हौर संजीव दीक्षित ने कहा कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। ओवरलोड, फिटनेस फेल और प्रेशर हॉर्न जैसे खतरनाक उल्लंघनों पर शून्य सहनशीलता की नीति जारी रहेगी। सड़क सुरक्षा नियमों के पालन में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि, यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में यातायात अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके और जनहानि को रोका जा सके।










