
- लखनऊ के गोमतीनगर विवाद मामले में अग्रिम जमानत की कोशिश में पहुंचा था प्रयागराज
- कानपुर के जेड स्क्वायर मॉल में मारपीट के मामले भी आरोपित बनाया गया है मनु उपाध्याय
- रिश्तेदार के घर दखल के मामले में सोमू की पिटाई के वीडियो में नजर आया था दीनू का भतीजा
कानपुर। दीनू उपाध्याय की टीम के बड़े चेहरे की गिरफ्तारी हुई है। प्रयागराज में हाईकोर्ट की परिक्रमा के दरमियान पुलिस ने दीनू उपाध्याय के भतीजे मनु उपाध्याय को गुरुवार की दोपहर में दबोच लिया। जल्द ही उसे ट्रांसिट रिमांड पर कानपुर लाने की कोशिश में पुलिस जुटी है।
खबर है कि, कानपुर एसओजी ने उसे प्रयागराज में कचहरी के बाहर घूमते वक्त गिरफ्तार किया है। मनु का नाम लखनऊ में मारपीट और हत्या के प्रयास के साथ-साथ कानपुर में कई मामलों में सामने आया है। लड़ाई-झगड़ों के समय दीनू उपाध्याय के लिए लफंगों की टीम जुटाने की जिम्मेदारी मनु उपाध्याय ही संभालता है। इसके अतिरिक्त दीनू उपाध्याय की गिरफ्तारी के बाद मनु भी फरार था, लेकिन चोरी-छिपे कानूनी कार्रवाई करने में चाचा संजय उपाध्याय के साथ जुटा था। डीसीपी-क्राइम एस.एम कासिम आबिदी ने मनु उपाध्याय की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि, उसे जल्द कानपुर लाया जाएगा।
गर्लफ्रेंड के साथ लखनऊ पहुंचने पर हुआ था झगड़ा
पुलिस डाय़री के अनुसार, दीनू का भतीजा मनु उपाध्याय 14 मई की शाम अपनी गर्लफ्रेंड अंशिका श्रीवास्तव से मिलने लखनऊ गया था। गर्लफ्रेंड का मकान गोमतीनगर विस्तार में सेक्टर-06 में सुलभ आवास के भूतल पर स्थित है। इसी दौरान सीतापुर निवासी स्नेहा अपनी सहेली यशिका को लेकर दूसरी सहेली महक से मिलने अंशिका के सामने वाले फ्लैट में पहुंची थी। फ्लैट के सामने स्कूटी खड़ी करने के रोकने पर अंशिका का स्नेहा से विवाद हुआ तो उसने अपने ब्वायफ्रेंड मनु उपाध्याय को बुला लिया। स्नेहा और अंशिका में बहस के दरमियान महक ने नीचे आकर बीच-बचाव करते हुए समझाइश देना चाहा तो मनु ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। अंशिका के इशारे पर मनु मारपीट करने के बाद भागने लगा।
आरोप है कि, इसी समय मनु के दोस्त आतिफ ने स्नेहा को कुचलने के इरादे से उसके ऊपर कार चढ़ाने का प्रयास किया था, लेकिन पीछे हटने के कारण कार उसके पैर के ऊपर से गुजर गई थी। इस मामले में मनु उपाध्याय के साथ उसकी गर्लफ्रैंड अंशिका श्रीवास्तव और दोस्त आतिफ के खिलाफ नामजद रिपोर्ट गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखी गई है।
मॉल में दीनू और मनु की दबंगई का वीडियो
गौरतलब है कि, कुछ दिन पहले शुक्रवार की रात दीनू की गिरफ्तारी के बाद एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमे बड़ा चौराहा स्थित जेड स्क्वायर मॉल में दीनू उपाध्याय और उसका भतीजी मनु उपाध्याय अपने कुछ साथियों के साथ एक युवक को बेरहमी से पीट रहा था। इस फुटेज के आधार पर पुलिस ने पीड़ित युवक से संपर्क किया था। बाद में इस मामले में दीनू उपाध्याय और मनु उपाध्याय के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा लिखा गया।