
कानपुर में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे संजय उपाध्याय को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। संजय, कुख्यात अपराधी दीनू उपाध्याय का भाई है और उस पर मारपीट, जमीन कब्जा, रंगदारी मांगने और धमकी देने जैसे कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।
चकेरी थाना क्षेत्र के नवाबगंज निवासी संजय उपाध्याय के खिलाफ कानपुर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह दीनू उपाध्याय के गिरोह का सक्रिय सदस्य है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
मनोज गुप्ता ने दर्ज कराई थी FIR
एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय ने जानकारी दी कि लालबंगला क्षेत्र निवासी मनोज गुप्ता ने संजय उपाध्याय, अमन शुक्ला और रचित पाठक समेत अन्य लोगों पर प्लॉट पर जबरन कब्जा करने, रंगदारी मांगने, धमकाने और मारपीट का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश देना शुरू किया।
इनामी था आरोपी, जल्द भेजा जाएगा जेल
पुलिस ने संजय उपाध्याय और उसके साथियों पर इनाम भी घोषित कर रखा था। शुक्रवार को चकेरी क्षेत्र से संजय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस अब दीनू उपाध्याय और अन्य फरार साथियों की तलाश में दबिशें दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गैंग का पर्दाफाश कर कार्रवाई की जाएगी।