
कन्नौज। पुलिस लाइन्स में रविवार को “पुलिस झंडा दिवस” का कार्यक्रम सम्मान और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन्स क्वार्टर गार्ड पर पुलिस ध्वज फहराया और उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित किया।
एसपी ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के संदेश को भी पढ़कर सुनाया तथा सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस को यह विशिष्ट सम्मान 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू द्वारा प्रदान किया गया था। यह गौरव इसलिए मिला क्योंकि यूपी पुलिस पूरे देश का पहला राज्य पुलिस बल है, जिसे अपने साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस कलर यानी पुलिस ध्वज से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में जनपद की सभी थाना–चौकियों पर भी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने ससम्मान पुलिस ध्वज फहराकर “पुलिस झंडा दिवस” मनाया।











