
कन्नौज। कन्नौज में काली नदी के आसपास बसे गावों में बाढ़ का प्रकोप दिखने लगा है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के झंडे और अखिलेश यादव की फोटो वाले पैकेट लेकर सपाई बुधवार को बाढ़ प्रभावित गांव में पहुंचे और ग्रामीणों को राहत सामग्री वितरित की।
सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां की अगुवाई में पूर्व विधायक अरविंद यादव, कल्यान सिंह दोहरे, सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, पीपी सिंह बघेल, यश कुमार दोहरे समेत पार्टी के तमाम कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित गांव गंगूपुर, मदारीपुर और टिकापुरवा पहुंचे। रास्ते में पानी भरा होने के कारण सपाई गाड़ी छोड़कर ट्रैक्टर पर सवार हो गए। ट्राली में राहत सामग्री लादकर गांव पहुंचे। यहां सपा के रंग में अखिलेश यादव की फोटो छपी बोरियों में भरी राहत सामग्री ग्रामीणों को वितरित की।
सामग्री लेने के लिए महिलाएं पानी के बीच से होते हुए पहुंची और फिर सिर पर पैकेट रखकर सुरक्षित घर वापस लौट गईं। सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भेजी गई राहत सामग्री के पैकेट उन लोगों ने बाढ़ प्रभावित गांव में वितरित की है। इन गांव की ओर जाने वाले रास्तों पर पानी भर गया। जिस कारण लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया। जिला प्रशासन को और अधिक राहत सामग्री वितरित कराना चाहिए।