
भास्कर ब्यूरो
- तिर्वा नगर में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकियां और नृत्य मंडलों का मनमोहक प्रदर्शन।
Tirwa, Kannauj : नवरात्र की नवमी पर तिर्वा नगर में दुर्गा पूजा नव युवक जनसेवा समिति के तत्वावधान में मां दुर्गा की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में मां के नौ स्वरूपों की भव्य झांकियों के साथ-साथ सजीव नृत्य मंडलों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।रामलीला मैदान इंद्रानगर से सायं करीब साढ़े पाँच बजे पंडित संजीव कुमार द्विवेदी और अनुपम आचार्य द्वारा कलश पूजन के बाद यात्रा का शुभारंभ हुआ। नगर के प्रमुख मार्गों गांधी चौक, सर्राफा बाजार गली, महात्मा गांधी मार्ग पर झालरों, गुब्बारों और बड़ी एलईडी स्क्रीन से सजे आकर्षक स्वागत द्वार श्रद्धालुओं को स्वागत करते नजर आए।
शोभायात्रा में मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की झांकियों के अलावा बजरंगबली की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, नृत्य मंडलों में गोलू श्रीवास्तव का दुर्गा डंडा मंडल, तनू का बालिका डांडिया मंडल, भानू का ढ़पली मंडल, संजय का महाकाल मंडल, सूर्या का डांस मंडल, कृष्णा का रक्तचरित अघोरी मंडल, रिशू का डांडिया मंडल, अजय शेट्टी का वीर जवान मंडल, दुर्गेश खन्ना का अधिवासी मंडल और मां काली नृत्य मंडल ने जबरदस्त प्रस्तुति दी।
श्रद्धालुओं की भीड़ झांकियों और नृत्य प्रस्तुतियों को देखकर भावविभोर हो उठी। जगह-जगह प्रसाद वितरण हुआ। नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
शोभायात्रा देर रात तिर्वाखास, ठठिया रोड होते हुए मां अन्नपूर्णा दरबार की ओर अग्रसर रही और गाजे-बाजे के बीच शुक्रवार तड़के अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर सम्पन्न होगी।