Kannauj : हंसेरन तहसील गठन के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन

Tirwa, Kannauj : जिले के हंसेरन कस्बे में नई तहसील के गठन की जानकारी पर अधिवक्ताओं में आक्रोश साफ दिखाई दिया। वकीलों ने नई तहसील के विरोध में प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन तिर्वा उपजिलाधिकारी को सौंपा।

बताते चलें कि लंबे समय से कन्नौज जिले में तिर्वा, छिबरामऊ और कन्नौज के बाद हंसेरन में भी तहसील मुख्यालय संचालित करने की प्रक्रिया जारी थी। संबंधित अधिकारियों ने विगत दिनों वहां निरीक्षण भी किया था। बता दें कि हंसेरन ब्लॉक परिसर में बने सीएचसी के नवीन भवन में संभवतः नई तहसील संचालित हो सकती है।

उपरोक्त मामले में तिर्वा तहसील के अधिवक्ता आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि नई तहसील के गठन से तिर्वा तहसील का क्षेत्रफल कम हो जाएगा। उनका कहना था कि एक तहसील में दो ब्लॉक और दो परगने होने चाहिए, जबकि नई तहसील शुरू होने के बाद तिर्वा और दूसरी जगह केवल एक-एक ब्लॉक रह जाएगा। इसके अलावा, जो क्षेत्रफल काटा जाएगा, वह तिर्वा का ही होगा, जिससे उनका कामकाज प्रभावित होगा।

वकीलों का कहना था कि यदि शासन उपरोक्त प्रक्रिया को पूरा करता है, तो तिर्वा तहसील का क्षेत्रफल भी बढ़ाया जाए। वकीलों ने सुझाव दिया कि कानपुर जनपद का ककवन ब्लॉक, जो तिर्वा तहसील की सीमा से लगा हुआ है, तिर्वा तहसील में जोड़ा जाए। इसके अलावा, ठठिया को ब्लॉक घोषित करने के साथ-साथ तिर्वा कोतवाली क्षेत्र को भी तिर्वा तहसील में शामिल किया जाए।

हंसेरन तहसील के गठन के विरोध में अड़े अधिवक्ताओं ने नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को संबोधित अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन तिर्वा उपजिलाधिकारी राजेश कुमार को सौंपा और नई तहसील के गठन पर रोक लगाने की मांग की।

प्रदर्शन में संजय शुक्ला, अतुल शर्मा, संजीव तिवारी, हरवेंद्र सिंह, मनोज राजपूत, बलराम यादव, रामगोपाल सहित अन्य कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: सरकार ने एससी मुर्मू को आरबीआई का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया

Kasganj : दीवार में नकब लगाकर चोर ले उड़े लाखों के जेवरात, पुलिस जांच में जुटी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें