झांसी : युवक ने मैहर में प्रेमिका के पिता को मारी गोली, पुलिस ने 36 घंटे में किया खुलासा

झांसी। सतना जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते हुए सनसनीखेज हत्याकांड का मध्य प्रदेश पुलिस ने खुलासा कर दिया है। झांसी (उत्तर प्रदेश) के मोंठ थाना क्षेत्र स्थित भरोसा गांव निवासी आरोपी ध्रुव कुमार राजपूत ने अपने साथी के साथ मिलकर प्रेमिका के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है।

घटना 1 जून रविवार रात करीब 9 बजे रामचुआ गांव में हुई थी। मृतक महेंद्र सिंह उईके अपने घर के बाहर थे, तभी बुलेट सवार दो युवक आए और महेंद्र सिंह को पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगते ही महेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

36 घंटे में गिरफ्त में आया मुख्य आरोपी

पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हत्या के बाद पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी वारदात से पहले मैहर के अभिनंदन होटल में रुके थे। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी ध्रुव कुमार राजपूत को झांसी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो अलग-अलग नाम के आधार कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रेत का कारोबार करता है और प्रेमिका के पिता के विरोध करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने घटना के समय दूसरी गोली चलाने का भी प्रयास किया था, लेकिन हथियार में खराबी आने के कारण वह ऐसा नहीं कर सका।

दूसरा आरोपी अब भी फरार

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

बताया जा रहा है कि झांसी के भरोसा गांव निवासी ध्रुव कुमार राजपूत का सतना जिले की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के पिता महेंद्र सिंह उनके इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची और अपने साथी के साथ आकर वारदात को अंजाम दिया।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें