Jhansi : महिलाएं स्वयं लिख रही अपनी सफलता की कहानी, महिला समूह ने दिखाई आत्मनिर्भर बनने की राह

Jhansi : तहसील मऊरानीपुर के गांव कुआं में आज गौ माता महिला पशु आहार कंपनी लिमिटेड का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख बंगरा, इंजीनियर भारती आर्य, ब्लॉक प्रमुख मऊरानीपुर आनंद परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष शशि श्रीवास और सांसद प्रतिनिधि जयशंकर देवरिया ने संयुक्त रूप से किया।

इंजीनियर भारती आर्य ने कहा कि आज महिलाएं अपनी किस्मत की कहानी स्वयं लिख रही हैं। वह स्वावलंबी हो रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से बढ़ रही हैं। गौ माता महिला पशु आहार निर्माण केंद्र का संचालन समूह की महिलाओं द्वारा सफलतापूर्वक किया जाना इसका ज्वलंत उदाहरण है। आज महिलाएं न केवल घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर विभिन्न प्रकार की आर्थिक गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित कर रही हैं, बल्कि घर परिवार की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्नति के मार्ग पर अग्रसर हैं। उन्होंने समूह की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और आश्वासन दिया कि जहां भी जरूरत होगी, वह उनके साथ हैं और उनकी प्रगति में हर संभव सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।

सांसद प्रतिनिधि जयशंकर देवरिया ने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और स्थानीय स्तर पर हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा।

उपायुक्त स्वरोजगार बृजमोहन अंबेड ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में विकासखंड मऊरानीपुर के 52 स्वयं सहायता समूह की 315 महिलाओं ने संयुक्त रूप से यह इकाई स्थापित की है। लगभग 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित यूनिट पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित होगी और पूरी धनराशि भी महिलाओं द्वारा लगाई गई है। इसमें पौष्टिक पशु आहार का निर्माण किया जाएगा, जिसकी आपूर्ति गांवों में पशुपालकों को समूहों के माध्यम से उचित मूल्य पर की जाएगी। इससे महिलाओं को आजीविका के साथ नियमित आमदनी भी होगी।

डेवलेपमेंट अल्टरनेटिव तारा गांव के निर्देशक नवनीत सिंह ने बताया कि प्लांट की विद्युत आपूर्ति के लिए सोलर लाइट की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उत्पादन की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी और इसका सीधा लाभ महिलाओं को मिलेगा।

मिशन मुख्यालय लखनऊ से सत्यजीत शुक्ला, स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर, ने बताया कि राज्य स्तर से समूह की महिलाओं को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता के साथ-साथ कौशल विकास भी किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं आगे बढ़ सकें।

गौ माता पशु आहार केंद्र की अध्यक्ष प्रवेश शर्मा और अन्य सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस कंपनी से समूह की महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। सभी ने सरकार को धन्यवाद दिया और कहा कि समूह के माध्यम से महिलाएं अब सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही हैं।

खंड विकास अधिकारी मऊरानीपुर सुनील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह विकासखंड एवं तहसील के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस अवसर पर झलकारी बाई प्रोड्यूसर कंपनी की सीईओ निधि, जिला मिशन प्रबंधक सचिन वर्मा, मनजीत सिंह, नन्हे राम, गौरव भटनागर, कृष्ण कुमार, ब्लॉक मिशन मैनेजर बृजेंद्र पाठक, रामानुज, काशीबाई, साधना प्रियंका सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
ये भी पढ़ें: Kasganj : संदिग्ध हालात में मिला चालक का शव, परिवार बोला– हत्या कर फेंका गया

Sitapur : तंबौर में कुदरत का प्रकोप, बारिश से जलमग्न हुआ अस्पताल व सड़कें

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें