
Jhansi : दीपावली पर्व नजदीक आते ही कस्बे का बाजार इन दिनों रौनक से भर गया है। खरीददारी के लिए ग्राहकों की भीड़ दिनभर बाजारों में उमड़ रही है। ऐसे में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसी को देखते हुए कस्बे के उप्र उद्योग व्यापार मंडल ने मोंठ सीओ अजय श्रोत्रीय से बाजार में प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि दीपावली पर बाजारों में अत्यधिक भीड़ रहती है, जिससे सर्राफा बाजार और मुख्य चौराहों पर जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं दो दिन पूर्व कस्बे में ही एक व्यापारी के साथ 20 हजार रुपये की छिनैती की घटना ने व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। व्यापारियों ने कहा कि यदि ऐसी घटनाओं का जल्द खुलासा नहीं हुआ और उचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले बुलंद हो सकते हैं।
व्यापारियों ने क्षेत्राधिकारी से अनुरोध किया है कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए बाजारों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाए। सर्राफा बाजार, मुख्य चौराहे, सब्जी मंडी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि अराजक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके।
उन्होंने कहा कि दीपावली व्यापार का सबसे बड़ा अवसर होता है। ऐसे समय में यदि चोरी, छिनैती या जेबकटी जैसी घटनाएँ होती हैं तो न केवल व्यापारियों को नुकसान होता है बल्कि आम नागरिकों का भी त्योहार का उत्साह फीका पड़ जाता है।
उन्होंने यह भी मांग की कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी सक्रिय किया जाए ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
इस दौरान जिला महामंत्री हर्षित अग्रवाल, नगर अध्यक्ष अमित अग्रवाल, कल्लू सोनी, टिंकू गुप्ता, विवेक सोनी मौजूद रहे।