
झांसी: यूपी में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस बेहद गंभीर नजर आती है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई होती है और जरूरत पड़ने पर एनकाउंटर तक पुलिस कर देती है। लेकिन आशिक मिजाज दारोगा ने प्रेमजाल में फंसाकर महिला आरक्षी से मंदिर में शादी कर ली। यही नहीं, इसी दारोगा ने एक महिला उपनिरीक्षक को भी अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसकी जानकारी महिला आरक्षी को हुई तो उसने प्रेमी दारोगा को खरी-खोटी सुनाई। मामले की जानकारी पुलिस अफसरों के संज्ञान में आई तो आशिक मिजाज दारोगा का झांसी से देहात सर्किल में तबादला कर दिया गया। वहीं, एक इंस्पेक्टर ने महिला आरक्षी को अपने प्रेमजाल में फंसाकर गर्भवती कर दिया और बाद में उसका गर्भपात भी करवा दिया। इस तरह की चर्चाएं पुलिस विभाग में जोरों पर हैं।
यूपी में जब रक्षा करने वालों पर ही भक्षण के आरोप लगने लगें, तो इंसाफ की उम्मीद किससे की जाए? पुलिस को शर्मसार करने वाली घटनाएं झांसी में लगातार सामने आ रही हैं। झांसी के चिरगांव थाने में तैनात उपनिरीक्षक रविकांत गोस्वामी और उसके दोस्त पर एक महिला आरक्षी ने गैंगरेप, मारपीट और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। हालांकि उक्त मामले में दारोगा रविकांत गोस्वामी को निलंबित कर दिया गया है।
इसी बीच, टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बचेरा निवासी चिरंजीलाल ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी लखनऊ में महिला आरक्षी के पद पर तैनात है। लखनऊ में दारोगा पद पर तैनात पटेल समाज के दारोगा ने 30 अप्रैल 2025 को उससे शादी कर ली। इसकी जानकारी गांव वालों को हुई तो पंचायत बुलाकर महिला सिपाही के परिवार का बहिष्कार कर दिया गया और उनका हुक्का-पानी बंद कर दिया गया। साथ ही पचास हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इस मामले में संतोष यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
ऐसे ही एक और मामले में झांसी में तैनात एक दारोगा और महिला आरक्षी के बीच शादी को लेकर विवाद हो गया। महिला आरक्षी ने दारोगा पर कई गंभीर आरोप लगाए। मामला पुलिस अफसरों के संज्ञान में आने पर दारोगा ने मंदिर में जाकर महिला आरक्षी से शादी कर ली। लेकिन शादी के बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे और बातचीत बंद कर दी। इसी दौरान आशिक मिजाज दारोगा ने एक महिला उपनिरीक्षक को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और उसका शारीरिक शोषण किया। इसकी भनक महिला आरक्षी को लगी तो उसने दारोगा को खरी-खोटी सुनाई और पुलिस अफसरों से शिकायत की। इस पर अफसरों ने गंभीरता दिखाते हुए दारोगा का तबादला अन्य स्थान पर कर दिया। हालांकि यह मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा है और किसी भी समय बड़ा बवाल हो सकता है।
उधर, सूत्रों के मुताबिक एक इंस्पेक्टर पर भी आरोप है कि उसने महिला आरक्षियों को अपने प्रेमजाल में फंसाने की कोशिश की। उसने एक महिला आरक्षी को गर्भवती कर दिया और बाद में उसका गर्भपात करवा दिया। इसके बाद भी इंस्पेक्टर ने एक अन्य महिला आरक्षी पर डोरे डालने की कोशिश की। लेकिन महिला आरक्षी ने उसका विरोध किया और बाद में झांसी में तैनात एक आरक्षी से शादी कर ली। इसके बावजूद इंस्पेक्टर उसे धमकियां देता रहा।
ये भी पढ़ें: झांसी : रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, कैंसर की बीमारी से था परेशान
मुरादाबाद : दो महीने बाद भी नहीं दर्ज हुई FIR, न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार